लखनऊ। विधान कुमार, रोहन विश्नोई, सारिका, आकांक्षा और भूमिका जैन ने समन्वय राज्य जूनियर बालक व बालिका जूडो प्रतियोगिता के पहले दिन स्वर्ण पदक जीते। खेल निदेशालय एवं यूपी जूडो एसोसिएशन के तत्वाधान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बहुउद्देशीय हाल में आयोजित इस प्रतियोगिता का उदघाटन राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डा. आरपी सिंह (खेल निदेशक), मुकेश कुमार मेश्राम (अध्यक्ष इंडियन ब्लाइंड व पैरा जूडो एसोसिएशन), सुधीर हलवासिया (अध्यक्ष, यूपी जूडो एसोसिएशन), मुनव्वर अंज़ार (सीईओ यूपी जूडो एसोसिएशन) सहित अन्य मौजूद थे।
आज हुई स्पर्धाओं में बालक 100 किग्रा से कम में मुरादाबाद के विधान कुमार ने स्वर्ण, वाराणसी के हर्षित सिंह ने रजत व कानपुर के कृष्णा शुक्ला ने कांस्य पदक जीते। बालक 100 किग्रा से अधिक में मुरादाबाद के रोहन विश्नोई ने स्वर्ण, लखनऊ के सुशांत राय ने रजत ओर मेरठ के यमन व आगरा के राहुल पाराशर ने कांस्य पदक जीते।
बालिका 70 किग्रा से कम में कानपुर की सारिका ने स्वर्ण, मेरठ की कृति शर्मा ने रजत और वाराणसी की कलिका सरोज व अंकिता मिश्रा ने कांस्य पदक, बालिका 78 किग्रा से कम में मेरठ की आकांक्षा चौधरी ने स्वर्ण, मुरादाबाद की पुष्पांजलि सिंह ने रजत और कानपुर की अशप्रीत कौर व शुभांजलि सिंह ने कांस्य पदक जीते। इसके अलावा बालिका 78 किग्रा से अधिक में सहारनपुर की भूमिका जैन ने स्वर्ण, मुरादाबाद की गार्गी शर्मा ने रजत और अयोध्या की जान्हवी व श्रेया विश्वकर्मा ने कांस्य पदक जीते।
Comments